Sawan 2024:इस बार पड़ेंगे सावन में पांच सोमवार, 72 वर्षों बाद बन रहे हैं कुछ अद्भुत योग, आप भी जानें

Editorial Team
4 Min Read

सावन का शुभ महीना जल्द ही शुरू होने वाला है। हिन्दू धर्म में सावन के महीने को काफी पवित्र माना जाता है। यह हिंदू चन्द्र-सौर कैलेंडर के अनुसार पांचवा महीना है, जो भगवान शिव और देवी पार्वती को समर्पित है। सावन के महीने में जो भी भक्त श्रद्धापूर्वक भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

इस बार का सावन का महीना शिव भक्तों के लिए और भी ज्यादा खास होने वाला है, क्योंकि इस बार 72 साल के बाद सावन में अद्भुत महायोग बन रहा है, सावन का प्रारंभ और समापन दोनों ही सोमवार के दिन हो रहा है। इस साल सावन माह का पहला सोमवार 22 जुलाई को है। पहले ही दिन सोमवार पड़ने से इस बार भक्तों को 5 सोमवार मिलेंगे और सावन महीने का समापन 19 अगस्त को होगा। इस साल सावन का महीना कुल 29 दिनों का ही होगा।

72 साल बना दुर्लभ संयोग
वर्ष 2024 में सावन का पहला सोमवार 22 जुलाई को पड़ेगा और सावन का अंतिम सोमवार 19 अगस्त को पड़ रहा है। सावन माह की शुरुआत और समापन दोनों ही इस बार सोमवार को होंगे। ऐसा दुर्लभ योग 72 वर्ष पहले 27 जुलाई 1953 को बना था, जब सावन महीने की शुरुआत और समापन सोमवार के साथ हुआ था। ऐसे में सावन महीने में पांच सोमवार व्रत होंगे।

सावन के पहले सोमवार को तीन शुभ योग
सावन के पहले सोमवार के दिन तीन शुभ योग बन रहे हैं। उस दिन प्रीति योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और श्रवण नक्षत्र का संयोग बना है। उस दिन प्रीति योग सुबह से लेकर शाम 5 बजकर 58 मिनट तक है। उसके बाद से आयुष्मान योग बन जाएगा। जो श्रवण नक्षत्र सुबह से लेकर रात 10 बजकर 21 मिनट तक है। सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह में 5 बजकर 37 मिनट से रात 10 बजकर 21 मिनट तक रहेगा।

सर्वार्थ सिद्धि योग में सावन का शुभारंभ होना बेहद शुभ माना जा रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग में सावन सोमवार का व्रत रखने से आपको शिवजी की विशेष कृपा प्राप्त होगी। सर्वार्थ सिद्धि योग में रुद्राभिषेक करने और व्रत करने से इच्छित व्यक्ति को अभीष्ट फल की प्राप्ति होगी।

सावन में 6 शुभ योग भी
इस बार सावन में 6 शुभ योग बन रहे हैं। इस साल श्रावण मास में शुक्रादित्‍य योग, बुधादित्‍य योग, नवपंचम योग और गजकेसरी योग बन रहे हैं। इनके अलावा कुबेर योग और शश योग भी बन रहे हैं, जिसकी वजह से इस महीने का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है।

शिवजी पूरी करेंगे सबकी मनोकामनाएं
इस बार सावन में इतने शुभ योग बन रहे हैं कि अधिकतर राशिवालों की मनोकामनाएं भगवान शिव पूरा करेंगे। इस बार कोई भी शिव भक्त भगवान भोलेनाथ की कृपा पाने से वंचित नहीं हो सकता।

सावन 2024 में कुल 5 सोमवार इन तारीख़ों पर होंगे।
पहला सावन सोमवार व्रत- 22 जुलाई 2024
दूसरा सावन सोमवार व्रत- 29 जुलाई 2024
तीसरा सावन सोमवार व्रत- 5 अगस्त 2024
चौथा सावन सोमवार व्रत- 12 अगस्त 2024
पांचवां सावन सोमवार व्रत- 19 अगस्त 2024

सावन मास में प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने से जीवन के सभी कष्ट दूर होते है और उन्नति के योग बनते है। श्रावण मास में ही समुद्र मंथन से 14 रत्न प्राप्त हुए थे। जिसमें एक था विष। इस विष को शिवजी ने अपने गले में स्थापित कर लिया था, जिससे उनका नाम नीलकंठ पड़ा। विष की जलन रोकने के लिए सभी देवताओं ने उन पर गंगा जल डाला।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *